नीमच 23 जुलाई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शहर को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा स्वच्छता नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।
इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका द्वारा फ्रूट मार्केट क्षेत्र में कचरा एवं गंदगी फैलाने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 15 व्यापारियों एवं ठेले संचालकों के विरुद्ध कुल 3,300 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। नगर पालिका द्वारा,कचरा फैलाने वालों पर 200 रुपये का मौके पर ही जुर्माना किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के निर्देशानुसार स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक,श्री गोपाल नरवाले, श्री भारत सिंह भारद्वाज तथा राजस्व शाखा के श्री योगेश टांकवाल द्वारा यह कार्रवाई की गई।
नगर पालिका ने सभी व्यापारियों, ठेला संचालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है, कि वे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार नियमित रूप से चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।
