BREAKING NEWS
    अपनी खबर भेजें !

    जिला स्तरीय गुरु वंदन-अभिनंदन एवं सम्मान समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न

     


    उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का हुआ सम्मान,नवनियुक्त शिक्षकों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

    नीमच, 29 जुलाई 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में बुधवार को सांदीपनि विद्यालय, मनासा में जिला स्तरीय गुरु वंदन-अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरुजनों का सम्मान, उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का अभिनंदन तथा नवनियुक्त शिक्षकों का स्वागत करना था।

    समारोह के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार तथा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू थे। कार्यक्रम में श्री अनूप व्यास, श्री निलेश पाटीदार एवं सांडिया के पूर्व सरपंच श्री बाबूलालजी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


    कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. जावरीय तथा सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.एल. बसेर ने किया।

    कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गत शैक्षणिक सत्र में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सम्मानित कर प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

    विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने अपने उद्बोधन में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले सभी प्राचार्यों तथा सांदीपनि विद्यालय, मनासा के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान किया।

    मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने सांदीपनि विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कारिक अवधारणा की प्रशंसा करते हुए कहा कि गुरु सांदीपनि के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर गुरु एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों से भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का संदेश दिया।

    इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आमंत्रित प्राचार्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में और बेहतर परीक्षा परिणाम देने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह में नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

    गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गुरु वंदना कर गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई।

    कार्यक्रम का सफल संचालन श्री घनश्याम शर्मा एवं श्री रोहित मांदले ने किया, जबकि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. जावरीय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !