नीमच, 27 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा खरीफ फसलों की सतत निगरानी एवं किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को नीमच विकासखंड के विभिन्न गांवों में मैदानी निरीक्षण किया गया।
उप संचालक कृषि श्री नगीन सिंह रावत एवं कृषि विकास अधिकारी श्री डी.एस. गोरे ने ग्राम जागोली में कृषक श्री गोविंद राजमल तथा ग्राम धनेरियाकलां में कृषक श्री बंशी, श्री मुकेश एवं श्री मदनलाल अहीर के खेतों का भ्रमण कर खरीफ फसलों की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने फसलों की वृद्धि, स्वास्थ्य एवं खेतों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए किसानों को कीट-व्याधि प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा मौसम के अनुरूप समसामयिक कृषि कार्यों के संबंध में आवश्यक तकनीकी सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों का समय सीमा में बीमा कराने के लिए प्रेरित किया गया।कृषि अमले ने किसानों से अपील की कि वे अंतिम तिथि से पूर्व अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
अधिकारियों ने किसानों को मौसम आधारित कृषि प्रबंधन अपनाने की सलाह देते हुए मेघदूत एवं मौसम मोबाइल ऐप डाउनलोड कर नियमित रूप से मौसम संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मौसम पूर्वानुमान के अनुरूप कृषि कार्यों की योजना बनाकर फसल उत्पादन को अधिक सुरक्षित एवं लाभकारी बनाया जा सकता है।
कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि फसल में किसी भी प्रकार के कीट, रोग अथवा अन्य समस्या के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों से संपर्क करें तथा केवल अनुशंसित कृषि आदानों एवं विभागीय तकनीकी सलाह के अनुसार ही नियंत्रण उपाय अपनाएं। इससे फसलों की सुरक्षा के साथ उत्पादन एवं गुणवत्ता में भी वृद्धि सुनिश्चित की जा सकेगी।

.jpeg)