नीमच । 'नशे से दूरी, है जरूरी 2.0' अभियान के तहत नीमच की बघाना थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 54.6 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स, 5 किलोग्राम डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, 1 जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (MP 44 MR 2346) जब्त की है।एसपी राजेश व्यास, एएसपी हेमलता अग्रवाल और सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में बघाना थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम दांगी की टीम ने यह सफलता हासिल की।
अरनिया फंटे पर नाकाबंदी कर दबोचा 21 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध धनेरिया की तरफ से छोटी सादड़ी रोड की ओर एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा लेकर जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने धनेरिया कलां-अरनिया फंटा पर तुरंत नाकाबंदी की। बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना नाम:
फिरोज पिता शब्बीर (35), निवासी नाका नं. 4 बघाना
अमन पिता अब्दुल सत्तार (20), निवासी जाकिर गली बघाना
बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से ड्रग्स, डोडाचूरा और अवैध हथियार बरामद हुआ।
7 सह-आरोपी भी बनाए गए
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन से जुड़े 7 अन्य सह-आरोपियों—हमीद उर्फ चप्नू, इल्तु उर्फ इमरान, कासम कुरेशी, रिहान पठान, बाबू उर्फ समीर, सलाम उर्फ गागू (सभी बघाना निवासी) और सोहेल (प्रतापगढ़, राजस्थान)—को भी प्रकरण में नामजद किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।