BREAKING NEWS
    अपनी खबर भेजें !

    रात का काला अंधेरा, आवाज सुन पति ने लगाई दौड़, उतार दिया मौत के घाट !

     

    मंदसौर। जिले के फतेहगढ़ गांव में सोमवार देर रात एक महिला को घर में घुसे सांप ने डस लिया। महिला की चीख सुनकर पहुंचे पति ने पहले सांप को मार दिया और फिर उसे प्लास्टिक की थैली में रखकर घायल पत्नी के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने महिला को तत्काल एंटी वेनम देकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया, जहां उसका उपचार जारी है।

    जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ निवासी किरण धाकड़ (30) सोमवार रात अपने कच्चे मकान में पांच वर्षीय बेटी के साथ फर्श पर बिछे बिस्तर पर सो रही थीं। इसी दौरान देर रात एक सांप ने उनके हाथ पर काट लिया। सांप के काटते ही उनकी नींद खुल गई। शुरुआत में उन्हें किसी नुकीली वस्तु के चुभने का आभास हुआ, लेकिन कुछ ही देर में दर्द बढ़ने लगा।

    किरण ने कमरे की लाइट जलाकर देखा तो सामने सांप दिखाई दिया। उन्होंने दूसरे कमरे में सो रहे अपने पति बलदेव धाकड़ को आवाज लगाई। बलदेव मौके पर पहुंचे और लकड़ी की सहायता से सांप को मार दिया। इसके बाद उन्होंने मरे हुए सांप को प्लास्टिक की थैली में रखा और पत्नी को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

    जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार कर एंटी वेनम लगाया और उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि सांप की लंबाई करीब डेढ़ फीट थी। बाद में मरे हुए सांप को सुरक्षित स्थान पर फेंक दिया गया।

    परिजनों के अनुसार, उनका मकान कच्चा है और घर के आसपास जंगल क्षेत्र होने के कारण सांप के घर में घुस आने की आशंका है। घटना के समय किरण की पांच वर्षीय बेटी भी उनके पास सो रही थी। राहत की बात यह रही कि सांप ने बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।

    पति बलदेव धाकड़ ने बताया कि वह मरे हुए सांप को इसलिए अस्पताल लेकर गए थे, ताकि डॉक्टर यह पहचान सकें कि महिला को किस प्रजाति के सांप ने काटा है और उसी के अनुरूप उपचार किया जा सके।

    वहीं, किरण धाकड़ ने बताया कि अचानक हाथ में तेज चुभन महसूस होने पर उन्होंने लाइट जलाई तो सामने सांप दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल अपने पति को आवाज लगाई, जिन्होंने समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !