मनासा जनपद में समीक्षा बैठक आयोजित,पंचायतवार लक्ष्य तय
नीमच, 24 जुलाई 2026 - प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों के पंजीयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद पंचायत मनासा सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर ने की।
बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए प्रतिदिन अधिकतम पंजीयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। सचिव, सहायक सचिव, उपयंत्री एवं पंचायत समन्वय अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र श्रमिकों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना की पात्रता, अपात्रता एवं अन्य प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह केंद्र सरकार की असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित स्वैच्छिक एवं अंशदायी पेंशन योजना है। इसके अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे श्रमिक, जिनकी मासिक आय ₹15,000 से कम है, योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
योजना के तहत लाभार्थी द्वारा आयु के अनुसार ₹55 से ₹200 तक मासिक अंशदान जमा किया जाता है, जिसके बराबर की राशि केंद्र सरकार भी अंशदान के रूप में जमा करती है। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर हितग्राही को न्यूनतम ₹3,000 प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाती है। साथ ही लाभार्थी के निधन की स्थिति में उसके जीवनसाथी को 50 प्रतिशत पारिवारिक पेंशन का प्रावधान भी है।
बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि पात्र श्रमिकों को योजना के लाभों से अवगत कराते हुए अधिकाधिक पंजीयन सुनिश्चित करें, ताकि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
