तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल जावद भेजे गए
नीमच, 28 जुलाई 2026। 25 जुलाई 2026 को समाचार पत्र में प्रकाशित मजदूरी मांगने पर एक श्रमिक के साथ मारपीट किए जाने संबंधी प्रकरण में थाना जावद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा प्रकरण में आरोपी हरिश पिता गणपत जाट (30 वर्ष) निवासी खड़ावदा, थाना जावद, अशोक पिता भेरूलाल जाट (40 वर्ष) निवासी नवेलिया तथा पप्पू पिता विकास उर्फ नंदकिशोर बेरागी (33 वर्ष) निवासी रूपपुरा को गिरफ्तार किया गया। इसके उपरांत तीनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के अंतर्गत न्यायालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी, उपखंड जावद के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय में आरोपियों की ओर से सक्षम जमानतदार प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण न्यायालय द्वारा तीनों आरोपियों को 5 अगस्त 2026 तक उपजेल जावद भेजने के आदेश दिए गए। प्रकरण में थाना जावद पुलिस द्वारा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
